गूगल ने ‘बार गर्ल’ सर्च करने पर सोनिया गांधी की तस्वीर क्यों दिखाई

अक्सर विवादों में रहने वाला गूगल एक बार फिर से एक विवाद में फंसता नजर आ रहा है। इस बार गूगल सर्च इंजन में ‘Bar Girl In India’ सर्च करने या ‘Italian Bar Girl’ सर्च करने पर यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी का नाम दिखाई दे रहा है। यही नहीं, सोनिया गांधी की पूरी प्रोफाइल, उनका विकिपीडिया पेज और उनसे जुड़ी सारी जानकारियां इसी कीवर्ड पर सामने आ रही हैं। ऐसा सिर्फ गूगल पर ही नहीं बल्कि एक और सर्च इंजन बिंग पर भी देखा गया है।

दरअसल, गूगल ट्रेंड्स के मुताबिक 19 दिसंबर को ‘Bar girl in India’ उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के लोगों ने सबसे ज़्यादा सर्च किया था। इससे यह ट्रेंड में आ गया, लेकिन 20 दिसंबर के बाद सर्च में कमी आ गई। अब सवाल उठता है कि ऐसा कैसे हो सकता है?इससे पहले गूगल पर ‘इडियट’ शब्द सर्च करने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की फोटो सामने आती थी, उसके बाद ‘भिखारी’ सर्च करने पर पाक पीएम इमरान खान की फोटो नजर आने लगी थी।

दरअसल, गूगल की ओर से बताया गया था कि की-वर्ड्स के साथ जोड़कर यूज़र किसी नेता का नाम सर्च करते हैं तो इससे उनके सर्च रिज़ल्ट पर असर पड़ता है। ऐसे ही हाल ही में हुए पांच राज्यों के चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर कैंपेन चलाया गया था, जिसमें यह बताया जा रहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी, गांधी परिवार में आने से पहले एक बार डांसर थीं। इस बात को साबित करने के लिए कि सोनिया गांधी एक बार डांसर थीं, कई फ़ेसबुक पेजों पर कुछ फ़र्ज़ी तस्वीरें भी शेयर की गई थीं। लगातार सोनिया गांधी के नाम से बार गर्ल सर्च करने से यह की वर्ड उनकी प्रोफाइल के साथ जुड़ गया। फ़िलहाल गूगल ने इसे सुधार लिया है।